IPL 2025: दिग्वेश राठी को मिला पूर्व भारतीय दिग्गज का साथ, लगातार लग रहे जुर्माने पर दिया बड़ा बयान

दिल्ली: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के युवा स्पिनर दिग्वेश राठी इन दिनों अपनी गेंदबाजी के साथ-साथ अपने अनोखे ‘नोटबुक सेलिब्रेशन’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं. आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन कर रहे राठी को अब तक दो बार इस सेलिब्रेशन के लिए जुर्माने का सामना करना पड़ा है. हालांकि, क्रिकेट के दिग्गज पूर्व भारती कप्तान सुनील गावस्कर को इस पर आपत्ति है. उन्होंने कहा कि पहली बार जुर्माना सही था, लेकिन दूसरी बार राठी को सजा देना गलत फैसला था.

पहली बार जुर्माना जायज

गावस्कर ने अपने कॉलम में लिखा कि जब राठी ने दिल्ली के अपने पूर्व साथी प्रियांश आर्य को आउट किया था, तब वह उनके काफी करीब जाकर ‘नोटबुक सेलिब्रेशन’ करते दिखे, जो कि आक्रामक लग सकता था. इसलिए उस वक्त जुर्माना सही था. लेकिन अगली बार जब उन्होंने यही जश्न मनाया, तो वह बल्लेबाज से काफी दूर थे और सिर्फ अपने अंदाज में सेलिब्रेट कर रहे थे, ऐसे में दोबारा जुर्माना करना उचित नहीं था.

तीन डिमेरिट पॉइंट, अब बैन का खतरा

राठी पर अब तक तीन डिमेरिट पॉइंट्स लग चुके हैं. अगर एक और बार वह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करते हैं, तो उन पर एक मैच का बैन लग सकता है. राठी, रवि बिश्नोई जैसे अनुभवी गेंदबाज की मौजूदगी में भी लखनऊ के प्रमुख स्पिनर के तौर पर उभरे हैं.

जश्न का तरीका बदला

पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में प्रियांश आर्य का विकेट लेने के बाद राठी ने ‘नोटबुक सेलिब्रेशन’ किया था. इसके बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी उन्होंने यही किया, जिसके चलते फिर से उन्हें जुर्माना भरना पड़ा. इसके बाद उन्होंने अपने जश्न का तरीका बदल लिया. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ जब उन्होंने अपने आदर्श सुनील नरेन को आउट किया, तब उन्होंने मैदान पर झुककर ‘लिखने’ का अभिनय किया, जिस पर उन्हें कोई सजा नहीं मिली.

खुद की स्टाइल बनानी चाहिए

गावस्कर ने एक और अहम बात कही, उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को कैरेबियाई क्रिकेटरों से प्रेरणा लेकर खुद की यूनिक सेलिब्रेशन स्टाइल विकसित करनी चाहिए. उन्होंने यह भी जोड़ा कि आजकल क्रिकेटर्स अपने पसंदीदा फुटबॉलर्स की नकल कर रहे हैं. उदाहरण देते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के मोहम्मद सिराज का जिक्र किया, जो क्रिस्टियानो रोनाल्डो की ‘सियू’ सेलिब्रेशन की नकल करते हैं.

खास मौकों पर हो सेलिब्रेशन

गावस्कर ने आगे लिखा, “अगर गेंदबाज ने किसी दिग्गज बल्लेबाज को शानदार गेंद पर आउट किया हो, तो जश्न समझ में आता है. लेकिन अगर किसी ओवर में दो-तीन चौके-छक्के खाने के बाद विकेट लेने पर बड़ा सेलिब्रेशन किया जाए, तो वो हास्यास्पद लगता है.”

डेब्यू करते ही छा गए राठी

दिग्वेश राठी ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 6 मैचों में 8 विकेट अपने नाम किए हैं. उनका औसत 23.12 और इकॉनमी रेट 7.70 रहा है. 14 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ अपना अगला मुकाबला आज खेलेगी, जहां एक बार फिर राठी पर सभी की निगाहें रहेंगी.

Leave a Comment